शिमला : राजधानी में बुधवार को फिर बर्फबारी होने से शहर की रफ्तार थम गई। बुधवार तड़के से शिमला सहित प्रदेश के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। शहर में मौसम का पहला भारी हिमपात हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में अब तक आधा फुट बर्फ गिर चुकी है और बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है। शिमला से सटे पर्यटक स्थलों कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में डेढ़ से दो फीट तक बर्फ गिर चुकी है। आज सुबह पूरा शहर बर्फ की सफेद चादर में लिपटा हुआ था और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हुए।
बर्फ़बारी से शहर की मुख्य व अंदरूनी सड़कें बंद हैं। कालका-शिमला एनएच पर भी वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। वहीं ढली के आगे अप्पर शिमला को जाने वाले सारे रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। बसों के न चलने से कर्मचारियों को कई किलोमीटर का पैदल सफर कर आफिस पहुंचना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर कुफरी और नारकंडा में हुई तेज बर्फबारी से कई वाहन फंस गए हैं। शिमला-चौपाल मार्ग खिड़की के पास भारी हिमपात के चलते पिछले चार दिन से बाधित है। शिमला-रोहड़ू मार्ग भी खड़ापत्थर में लगातार हो रहे भारी हिमपात के चलते तीन दिन से बंद है। इस वजह से रोहड़ू से मरीजों और लोगों की आवाजाही में काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
चांशल घाटी में भारी हिमपात के चलते अति दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार का पांच दिनों से संपर्क कटा हुआ है। यहां पर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीज को उपचार के लिए शिमला लाने के लिए कोई विकल्प नहीं है। हालांकि प्रशासन ने इस मार्ग को खोलने का पूरा प्रयास कर रहा है, लेकिन बार-बार हो रही बर्फबारी से प्रशासन को सड़क खोलने में कामयाबी नहीं मिल रही है। जिला प्रशासन ने पर्यटकों से ऊपरी क्षेत्रों की तरफ न जाने को लेकर एडवाइजरी जारी की है।मौसम विभाग ने आज दिन में और बर्फ गिरने की संभावना व्यक्त की है। कल मौसम के सनफ होने का अनुमान है।