नाहन : शतक वीर प्याज अब चिकन के दामों के करीब पहुंचने को बेताब हो गया है। शतक मारने के बाद भी प्याज के दामों में इजाफा दर्ज हो रहा है। जुटाई गई जानकारी के मुताबिक इस समय शहर में चिकन की कीमत 130 से 150 किलो ग्राम है। दरअसल चिकन की सप्लाई हरियाणा के बरवाला व रायपुर रानी से होती है। जानकारों के मुताबिक चिकन के दाम हर रोज तय होते हैं। अगर जिंदा मुर्गा लेना हो तो इसकी कीमत 80 से 100 के बीच प्रति किलो रहती है। क्योंकि जिंदा मुर्गे में 400 ग्राम तक वेस्टेज की संभावना भी रहती है। लिहाजा खुदरा बाजार में कीमत थोड़ी बढ़ जाती है। शहर में प्याज की कीमत 120 रूपये का आंकड़ा टच कर चुकी है।
अहम बात यह है कि सर्दियां होने की वजह से चिकन के दाम 130 से 150 किलो है। अगर प्याज की कीमतें गर्मियों में बढ़ी होती तो कब की बराबरी हो चुकी होती। उधर आलू भी शहर में अर्धशतक मार चुका है। शुक्रवार व शनिवार को आलू की कीमतें भी 50 प्रति किलो पहुंच चुकी थी। दिलचस्प सवाल लोग यह भी उठा रहे हैं कि अगर चिकन सस्ता मिल भी गया तो प्याज का क्या करेंगे। क्योंकि जायका तो दोनों के मिलने के बाद ही बनेगा। शहर में दिलचस्प बात यह भी है कि अगर आप बाजार में शतक वीर प्याज को खरीदने भी जा रहे हैं तो इसके लिए भी खासी जुगत करनी पड़ेगी। क्योंकि 90 फीसदी सब्जी विक्रेताओं के पास प्याज नजर नहीं आ रहे।
चूंकि सिरमौर मुख्यालय हरियाणा के इलाकों से जुड़ा हुआ है। यही कारण है कि चिकन की कीमतें भी अन्य हिस्सों के मुकाबले कम होती हैं। कुल मिलाकर लोग इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि कब शतक वीर प्याज व चिकन के बीच मुकाबला खत्म होगा। उनकी रसोइयों में प्याज का जायका लौटेगा। सवाल इस बात पर भी उठता है कि क्या स्थानीय स्तर पर प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि कहीं यहां प्याज की जमाखोरी तो नहीं हुई है।