बिलासपुर : नेशनल हाईवे चंडीगढ़-मनाली पर स्वारघाट के समीप धारकांशी स्थान पर पिकअप ने आगे जा रहे ट्रक को टक्कर मार दी। जिस कारण पिकअप में सवार उत्तर प्रदेश निवासी दो लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार देर शाम के समय की है। जब पिकअप (यूपी 83टी/1093) स्वारघाट से गम्भर पुल की उतराई में बिलासपुर की तरफ जा रही थी। पिकअप चालक ने आगे जा रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी है।
जीप में सवार चालक जय कृष्ण (40) व उसका साथी रोहताश (35) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायल निवासी ठाकुरबाड़ा फ़रीदाबाद उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना के बाद आपातकाल सेवा के द्वारा घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट पहुंचाया गया है। मगर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दोनों घायलों को पीजीआई रैफर कर दिया गया है।
प्रथम दृष्टया उक्त दुर्घटना पिकअप जीप के चालक के नियंत्रण खोने व ब्रेक फेल होने के कारण हुई बताई जा रही है।पुलिस अधिकारी संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पिकअप चालक के ख़िलाफ़ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जा रहा है।