श्री रेणुका जी : मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हैलीकॉप्टर अब माईनाबाग हैलीपैड पर नहीं उतरेगा। इसको लेकर सीएम का कार्यक्रम भी संशोधित हुआ है। दरअसल पिछली कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण के मुख्य संसदीय सचिव रहे विनय कुमार ने अपने ही घर के समीप हैलीपैड का निर्माण करवा डाला था। इससे पहले गिरिनदी में भी लैंडिंग होती रही है। बिजली की तारों का तर्क देकर माईनाबाग हैलीपैड का इस्तेमाल किया जाने लगा।
विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस बात पर सवाल उठाया था कि श्री रेणुका जी से इतनी दूरी पर हैलीपैड का क्या औचित्य है। लिहाजा, इस बार बीजेपी के कारिंदों ने बिरला पंचायत की चोरी की धार पर हैलीपैड का निर्माण करवाया है। इस पर 10 लाख के आसपास राशि खर्च हुई है। सीएम के पहले कार्यक्रम के मुताबिक लैंडिंग माईनाबाग में होनी थी। लेकिन जैसे ही एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने इस बात का खुलासा किया कि सीएम की लैंडिंग माईनाबाग में हो रही है, इसके बाद भाजपा में खलबली मच गई।
दो से तीन घंटे के बीच ही प्रशासन को संशोधित कार्यक्रम मिला, जिसमें बिरला की चोरी की धार पर हैलीकॉप्टर की लैंडिंग का कार्यक्रम तय किया गया। हालांकि तर्क एक यह भी है कि करीब पांच साल पहले तत्कालीन सीएम वीरभद्र सिंह का हैलीकॉप्टर गिरिनदी के किनारे लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बचा था। इसके बाद माईनाबाग में लैंडिंग शुरू हुई, लेकिन यह बात भी पुख्ता है कि कांग्रेसी विधायक के घर में वीवीआईपी लैंडिंग भाजपाईयों को खटकती रही है। अब भाजपा कार्यकर्त्ता मुख्यमंत्री जयराम के चौपर को नवनिर्मित हैलीपैड पर उतारेंगे।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेताओं की मांग पर ही चौपर की लैंडिंग का स्थान बदला गया है। माईनाबाग में सीएम की लैंडिंग से आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नवनिर्मित हैलीपैड से श्री रेणका जी की दूरी 8 किलोमीटर है, जबकि माईनाबाग से दूरी 18 किलोमीटर है।
Latest
- 20 जून को होगी B.Ed की 8500 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा
- #Nahan : चुनावी रैली के दौरान भाजपा अध्यक्ष के साथ तस्वीर पड़ी महंगी, शिक्षक निलंबित
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य नोडल अधिकारियों के साथ की निर्वाचन व्यय बैठक
- रिज मैदान पर दर्शकों के लिए दोगुना होगा IPL का रोमांच, BCCI ने स्थापित किया IPL फैन पार्क
- हिमाचल में तीन अध्यापकों ने किया 9 का काम, फिर भी शत-प्रतिशत रहा परिणाम