नाहन : आखिर पच्छाद उप चुनाव में भाजपा सरकार की साख बेहद ही मामूली अंतर से बच गई है। हालांकि जो दावे किए जा रहे थे, उतने अंतर से जीत हासिल नहीं हुई है। 34 साल की उम्र में पच्छाद हलके को पहली बार महिला विधायक मिली हैं। साथ ही गिरिपार को भी प्रतिनिधित्व मिला है। 16 सितंबर 1985 को जन्मी रीना कश्यप को उप चुनाव में 22,048 मत हासिल हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी गंगूराम मुसाफिर को 19,306 वोट हासिल हुए। आजाद प्रत्याशी दयाल प्यारी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 11,651 मत हासिल किए।
भाजपा ने यह सीट 2742 मतों के अंतर से जीती है। नोटा पर 318 ने बटन दबाया, जबकि दो अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने 718 वोट हासिल किए। मतगणना गिरिपार क्षेत्र के पोलिंग बूथों से शुरू हुई थी। उम्मीद के मुताबिक इस क्षेत्र से बीजेपी को बढ़त मिली। लेकिन गिरिआर के मतदान केंद्रों से भाजपा को पांचवे राऊंड से झटका मिलना शुरू हुआ। पांचवे, छठे व सातवें राऊंड में कांग्रेस प्रत्याशी आगे रहे। केवल आठवें राऊंड में भाजपा को गिरिआर से संजीवनी मिली।
गौरतलब है कि चुनावी नतीजों से कांग्रेस प्रत्याशी को हार की हैट्रिक मिली है। विजयी प्रत्याशी रीना कश्यप ने 2010 में शिलांजी वार्ड से जिला परिषद का चुनाव जीता था। लोक प्रशासन में एमए की डिग्री हासिल कर चुकी रीना 21 साल की उम्र से भाजपा में सक्रिय हुई थी।
नौंवे राऊंड तक यह रहा पच्छाद का नतीजा
शुरूआती चार राऊंड में बीजेपी ने अपनी बढ़त बनाए रखी। पांचवे राऊंड में कांग्रेसी प्रत्याशी ने अपनी निकटतम प्रत्याशी रीना कश्यप से 516 मतों की बढ़त बनाई। पहले राऊंड में भाजपा ने 1543 मतों की बढ़त से शानदार शुरूआत की। दूसरे राऊंड में बीजेपी की बढ़त 1040 मतों की रही। तीसरे राऊंड में बीजेपी को मात्र 141 मतों की बढ़त मिली। चौथे राऊंड में भी भाजपा 329 मतों की बढ़त बनाने में सफल रही। लेकिन पांचवे राऊंड में पिछड़ना शुरू कर दिया। पांचवे राऊंड तक भाजपा के पक्ष में 15072 वोट पडे़ थे, जबकि कांग्रेस ने 12525 वोट हासिल किए। तीसरे, चौथे व पांचवे राऊंड में आजाद उम्मीदवार दयाल प्यारी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्रमश:1793, 1315, 1670 वोट हासिल किए। अंतिम चार राऊंड की मतगणना ने धड़कनें बढ़ाकर रखी हुई थी।
छठे राऊंड में मुसाफिर ने 352 मतों की लीड बना ली। जबकि दयाल प्यारी ने भाजपा की रीना कश्यप को 181 मतों से पछाड़ा। कांग्रेस को 2596 तो बीजेपी को 2244 मत हासिल हुए। दयाल प्यारी ने इस राऊंड में अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2425 मत प्राप्त किए। अहम बात यह रही कि इस राऊंड में 217 मतदाताओं ने नोटा का बटन भी दबाया।
सातवें राऊंड में कांग्रेस प्रत्याशी मुसाफिर 505 मतों की बढ़त बनाने में सफल रहे। मुसाफिर को इस राऊंड में 2474 वोट हासिल हुए। जबकि भाजपा प्रत्याशी ने 1969 वोट हासिल किए। निर्दलीय उम्मीदवार दयाल प्यारी को 1401 मत प्राप्त हुए। यहां कांग्रेस प्रत्याशी का आंकड़ा 17595 पहुंच चुका था, जबकि भाजपा प्रत्याशी ने 19285 मत हासिल किए थे। निर्दलीय प्रत्याशी दयाल प्यारी ने इस राऊंड तक 9494 मत हासिल किए।
आठवें राऊंड में भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप को संजीवनी मिल गई। इस राऊंड में भाजपा ने बढ़त के अंतर को 988 से बढ़ा लिया। कांग्रेस को 1621 तो भाजपा को 2609 वोट हासिल हुए। इस राऊंड में आजाद उम्मीदवार दयाल प्यारी ने 2053 मत हासिल कर कांग्रेस का भी खेल बिगाड़ दिया। इस राऊंड तक आजाद प्रत्याशी दयाल प्यारी 11547 पर पहुंच गई।
नौंवे राऊंड में कांग्रेस को 90 मत हासिल हुए, जबकि इस राऊंड में भी भाजपा को बढ़त मिली। बीजेपी ने 154 तो आजाद उम्मीदवार दयाल प्यारी ने 104 वोट हासिल किए। अंतिम आंकड़ा 22048 के साथ बीजेपी के पक्ष में रहा।