रिकांगपिओ : राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 30 अक्तूबर से 2 नवम्बर तक रिकांगपिओ स्थित रामलीला मैदान में मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक आयुक्त हर्ष अमरेन्द्र सिहं नेगी ने कहा कि इस दौरान जहां खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, वहीं सांस्कृतिक संध्याओं, वाद्य यंत्र व लोक नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान महिला मंडलों द्वारा स्थानीय परम्परागत व्यंजनों के स्टाॅल भी लगाया जाएगा। ताकि मेले में आने वाले लोग पारंपरिक स्थानीय व्यंजनों का स्वाद ले सके।
प्रदेश सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित सरकारी व गैर सरकारी संगठनों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सहायक आयुक्त ने बताया कि महोत्सव के दौरान उतर क्षेत्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिस में राष्ट्रीय स्तर की 6 टीमें भाग लेंगी। जिनमें से साई सेंटर नई दिल्ली, भारतीय रेलवे, पंजाब पुलिस, हरियाणा औद्योगिक विकास निगम, हरियाणा पुलिस व भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की केन्द्रीय टीम भाग लेंगे।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के इच्छुक कलाकारों के लिए आयोजन समिति द्वारा 18, 19 व 20 अक्तूबर 2019 को ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। स्मारिका में प्रकाशित करने के लिए लेख व आर्टिकल भी आमंत्रित किए हैं। नेगी ने कहा कि यह आर्टिकल व लेख किन्नौर से संबंधित ही होने चाहिए। ताकि जिले की समृद्ध संस्कृति व पर्यटन को बढावा मिल सके।
उन्होंने इच्छुक लेखकों से आग्रह किया कि वें 17 अक्तूबर तक सहायक आयुक्त के कार्यालय में अपने लेख व आर्टिकल जमा करवा सकते हैं। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष टांशी यंगजेन, जिला परिषद सदस्य प्रीतेश्वरी नेगी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान व सांस्कृतिक दलों के प्रतिनिधी, पर्यटन एसोसिएशन के प्रतिनिधी, व्यापार मण्डल रिकांग के प्रतिनिधी व विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे।