नाहन: शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर मालोंवाला गुगा माडी पर इस साल 9 अक्तूबर को वार्षिक बसेरा होगा। पूरी रात धार्मिक अनुष्ठान के साथ भंडारा चलता रहेगा। इस अनुष्ठान का कई पहलुओं से अहम महत्व रहता है। भगत देवराज चौहान के सानिध्य में इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है।
नाहन-पांवटा साहिब हाईवे में मारकंडा पुल से करीब 500 मीटर पहले ही माड़ी का रास्ता मुड़ता है। हाल में ही 2 सितंबर को माड़ी से बागड़ देश की यात्रा पर एक संगत निकली थी। भगत जी के नेतृत्व में लगभग 400 से 500 के बीच लोगों ने इस यात्रा में हिस्सा लिया था। अहम बात यह है कि भगत देवराज चौहान ने ही इस संगत का पूरी जिम्मेदारी ली थी। इसमें रहने व परिवहन सुविधा भी शामिल रही। बताया यह भी जा रहा है कि समूचे सिरमौर से पहली मर्तबा ही ऐसी संगत की यात्रा होगी, जिसमें इतनी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया हो।
गुगा माडी के सेवक हर्ष चौहान, रोहित सैनी, शिवराज सैनी, वेद सैनी व बलदेव ठाकुर इत्यादि का कहना है कि इस साल वार्षिक बसेरे को भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि माड़ी पर मनोकामना पूरी होने के बाद लोगों द्वारा भंडारा भी दिया जाता है। धीरे-धीरे माड़ी गुगा पीर के आशीर्वाद से भव्य स्वरूप ले रही है।