भुंतर: लाहौल की दारचा बस्ती को जोड़ने वाला शिंकुला हिमालय का एक पहाड़ी दर्रा है। भारत का यह दर्रा हिमाचल प्रदेश और जम्मू -कश्मीर राज्यों की सीमा पर स्थित है। यह जंस्कार की पदम बस्ती को लाहौल की दारचा बस्ती से जोड़ता है। जिसकी ऊंचाई 5,091 मीटर है। हाल ही में इस सड़क मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया है। इस शिंकुला दर्रे से होकर मनाली टैक्सी यूनियन के पहले टैंपो ट्रेवलर ने 9 मज़दूरों को शिंकुला दर्रे से पार कर मनाली प्रवेश किया।
मनाली के स्थानीय टैंपो चालक संजू बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका एक टैंपो ट्रेवलर चालक मित्र जंस्कार से 9 मज़दूरों को लेकर शिंकुला पास से होते हुए सही सलामत मनाली शहर में पहुंचा। इस शिंकुला पास से आने वाला पहला टैंपो ट्रेवलर है जो इतने दुर्गम दर्रे से हल्की बर्फबारी के होने के बावजूद दर्रे से होते हुए मनाली पहुंचा है।
मनाली जंस्कार सड़क मार्ग अब यहां के स्थानीय लोगों व देश-विदेश से आने वाले हजारों पर्यटकों के लिए एक नए सफर के लिए बिल्कुल तैयार है। यह मार्ग स्थानीय लोगों व व्यवसायियों के लिए रोजगार के नए आयाम स्थापित करेगा।