चम्बा : मणिमहेश यात्रा के दौरान रविवार सुबह हड़सर के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से चार श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में मनीष कुमार (32) निवासी नंगल, पंजाब, कांगड़ा जिला के पालमपुर निवासी 58 वर्षीय रानो देवी, 33 वर्षीय कौशल्या देवी व विक्की भद्रवाह निवासी घायल हो गए।
घायल रानो देवी ने बताया वह अपने परिवार के साथ मणिमहेश से लौट रही थी कि हड़सर नाला के ऊपरी रास्ते से गुजरते हुए उन्हें पहाड़ी से पत्थर गिरने की आवाज आई। इससे पहले कि वह कुछ कर पाती, पत्थर ऊपर आ गिरा। घायल मनीष कुमार ने कहा वे हड़सर के निचले मार्ग से मणिमहेश जा रहे थे। इस दौरान ऊपर की और से दो बड़ी चट्टाने गिरी, जिससे वे घायल हो गए। उनके आसपास करीब 50 यात्री चल रहे थे, जिनमें दो अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं हैं। एंबुलेंस की मदद से घायलों को भरमौर अस्पताल लाया गया, जहां तीन लोगों को दाखिल किया गया है।