जंजैहली : प्रदेश सरकार ने सराज के थुनाग में सिविल कोर्ट स्थापित करने की अधिसूचना जारी कर दी है। कैबिनेट ने हाल ही में सिराज विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल थुनाग में सिविल कोर्ट स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की थी। कोर्ट में सिविल जज समेत कुल 15 पद भरे जाएंगे। कोर्ट में एक सुपरिंटेंडेंट, रीडर, स्टेनोग्राफर, जजमेंट राइटर, क्रिमिनल अहलमद, सिविल अहलमद, नायब नाजर, सीसीटी, कॉपिस्ट, बैलिफ, प्रोसैस सर्वर, रिकॉर्ड कीपर, अर्दली व चपड़ासी नियुक्त होंगे।
सरकार द्वारा अधिसूचना जारी करने के बाद अब कोर्ट की ज्यूरिशडिक्शन निर्धारित होगी। उसके बाद ही यह फंक्शनल होगा। सूत्रों के अनुसार उप तहसील छतरी, तहसील बाली चौकी व थुनाग, कुछ हिस्सा चच्योट की ज्यूरिशडिक्शन सिविल कोर्ट थुनाग में रहेगी। लोअर सराज को सिविल कोर्ट थुनाग के दायरे में शामिल करने के लिए केलोधार में उप तहसील भी खोली जा रही है। सिविल कोर्ट थुनाग का गठन कर सिविल कोर्ट चच्योट का विघटन कर किया जा रहा है।
चर्चा है कि 1 सप्ताह तक सिविल कोर्ट थुनाग का सर्किट कोर्ट बाली चौकी में लगेगा। क्रिमिनल कोर्ट के दायरे में पुलिस थाना जंजैहली ,पुलिस चौकी बाली चौकी और कुछ हिस्सा गोहर थाने का आएगा, जिसके लिए निकट भविष्य में बगसयाड या थुनाग में पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी ।गौरतलब है कि बगसयाड क्षेत्र की तीन पंचायतें मुरहाग, कांडा और शरण का थाना गोहर है।