रिकांगपिओ
रिकांगपिओ से प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों के लिए कई बसें चलती हैं। लेकिन रिकांगपिओ से ऊना के लिए सीधी बस सेवा नहीं है। ऐसे में ऊना, मैहतपुर, बडसर व आसपास के क्षेत्र से रिकांगपिओ व मुख्य जनपदों पर व्यापारी, सरकारी कर्मचारी व गैर सरकारी कार्यों में लगे लोगों ने परिवहन मंत्री से रिकांगपिओ से ऊना के लिए बस चलाने की गुहार लगाई है।
रिकांगपिओ में व्यापार कर रहे मैहतपुर के वीरु राम, अशोक कुमार, विपिन कुमार, जगदीश चंद आदि ने कहा कि रिकांगपिओ से ऊना बस चलाने के लिए प्रदेश परिवहन मंत्री को ई-मेल के माध्यम से पत्राचार किया है। उन्होंने कहा कि जो रिकांगपिओ से नालागढ़ के लिए बस चलती है। निगम व सरकार द्वारा उस बस को ऊना तक किया जाए तो उस क्षेत्र के व्यापारी वर्ग, सरकारी व निजी कंपनियों के लोगों की सीधी आवाजाही हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि ऊना के लिए बस उपलब्ध न होने से या तो उन्हें वाया चंडीगढ़ या हमीरपुर होकर जाना पड़ता है। ऐसे में वे एक ही दिन में घर नहीं पहुंच पाते हैं। सामान के साथ बसें बदलने में दिक्कत आती है। उन्होंने सरकार व परिवहन मंत्री से मांग कि है कि ऊना के लिए बस चलाई जाए। ताकि उस क्षेत्र के लोगों को किन्नौर, शिमला, रामपुर आने जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।