एमबीएम न्यूज/चंबा
जनपद के होली गांव की 18 वर्षीय प्रियंका मिक्स्ड मार्शल आर्ट (एमएमए) में वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाली देश की सबसे युवा फाइटर बनी है। प्रियंका ने अपनी 20 वर्षीय सहयोगी सोमी देवी के साथ मिलकर तीसरी राष्ट्रीय एमएमए चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था। यह प्रतियोगिता दिल्ली के प्रगतिनगर में आयोजित हुई।
उल्लेखनीय है कि सोमी देवी मूलतः कांगड़ा के नूरपुर की रहने वाली है। दोनों का ही चयन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अंग्रेजी दैनिक द ट्रिब्यून के मुताबिक वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन इसी साल के अंत में होना है। आप सोच रहे होंगे कि मिक्स्ड मार्शल आर्ट क्या होता है। दरअसल यह एक तरह से रेसलिंग, जुडो व किक बॉक्सिंग का एक समावेश है।
कोच अमित राणा ने मीडिया को बताया कि सबसे युवा फाइटर प्रियंका राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चोटिल भी हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद भी हौंसला नहीं छोड़ा। इसका नतीजा यह हुआ कि स्वर्ण पदक हासिल किया है। फाइटर प्रियंका व सोमी देवी ने राष्ट्रीय स्तर पर जीते पदक को बंजार हादसे के पीडि़तों को समर्पित किया है। उधर चंबा पुलिस ने फेसबुक वॉल पर यंग फाइटर्स को बधाई दी है।