कपिल सेन/नेरचौक
श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कार्यरत सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर मोनिका पठानिया अत्री ने मिसेज इंडिया ग्लोबल यूनिवर्स-2019 में फर्स्ट रनर्स अप खिताब हासिल किया है। जिससे पूरे देश में हिमाचल व जिला मंडी का नाम रोशन हुआ है। अंतिम चरण में उन्होंने मंडी का परंपरागत चोलु व चांदी के आभूषण पहन रैंप पर जलवा बिखेरा। डॉक्टर मोनिका को इसी माह मुंबई में आयोजित प्रतियोगिता में मिसेज इंडिया आई एम पावरफुल ट्रेंड सेटर टाइटल से नवाजा गया।
उन्होंने बताया कि 14 से 16 जून तक मुंबई में आयोजित प्रतियोगिता में 40 से अधिक महिला बतौर प्रतियोगी शामिल हुई थी। जिसमें मिसेज इंडिया ग्लोबल यूनिवर्स-2019 का खिताब कर्नाटक की गायत्री देवी ने हासिल किया। वहीं वे फर्स्ट रनर्स अप खिताब जीतने में कामयाब रही। इससे पहले डॉ. मोनिका अत्री मिसेज हिमालयन मनाली-2018 का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। मिसेज इंडिया ग्लोबल यूनिवर्स का फर्स्ट रनर्स अप खिताब जीतने के बाद अब मोनिका 2020 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मूलतः जिला कांगड़ा के फतेहपुर निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार जोगिंद्र सिंह पठानिया व माता वीना पठानिया के घर जन्मी डॉ. मोनिका पठानिया की परवरिश आर्मी के माहौल में हुई। डॉ. मोनिका की पढ़ाई देश के विभिन्न स्थानों के केंद्रीय विद्यालयों में हुई। उन्होंने एमबीबीएस और एमडी एनस्थीसिया की डिग्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज से की। वे 11 वर्षों से प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में बतौर मेडिकल ऑफिसर कार्य कर रही है। उनका कहना है कि जब वह बिलासपुर में अपनी सेवाएं दे रही थी तो बिलासपुर निवासी शालु ठाकुर ने उन्हें माडलिंग की दुनिया मे आने के लिए प्रेरित किया। जो कि स्वयं भी मिसेज़ इंडिया टुरिज्म वर्ल्ड वाईड-2018 का खिताब जीत चुकी हैंं।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार व पति को दिया। उन्होंने बताया कि पूरे इवेंट के दौरान दो छोटे-छोटे बच्चों की देखभाल का जिम्मा पति डॉ. दीपक अत्री के ऊपर ही रहता है। डॉ. मोनिका का कहना हैं कि हर एक लड़की को अपने पैरों पर खड़े होना चाहिए। कोशिश करनी चाहिए कि नेक कार्यों को अंजाम देते हुए न सिर्फ अपना बल्कि अपने परिवार, देश, क्षेत्र का नाम रोशन करें। लड़कियों में अपने अंदर छिपे टैलेंट एवं प्रतिभा को निखारते हुए बेझिझक अपनी प्रतिभा के दम पर शिखर पर पहुंचने की चाह होनी चाहिए।