एमबीएम न्यूज़/कुल्लू
बंजार उपमंडल में नागणी के पास एक निजी बस पलट गई, जिसमें 7 लोग घायल हो गए हैं। जबकि बाकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घायलों को बंजार अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवा दिया गया है। यह हादसा उस समय हुआ जब लोग कुल्लू में गृह मंत्री राजनाथ सिंह की रैली में भाग लेने आ रहे थे। नागणी के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
बस में करीब 45 लोग सवार थे, जिनमें से 7 लोग जख्मी हुए हैं। पुलिस जांच के अनुसार हादसे का कारण ब्रेक फेल हाेना बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही बंजार पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। बस में बठाहड क्षेत्र के लोग थे।
जानकारी के अनुसार घायलों में हेमा ठाकुर (बठाहड), कृष्णा देवी, बबली, उत्तम राम, प्रतिभा, काजल, नेहा शामिल है। सभी घायलों को बंजार अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवा दिया गया है। उधर, प्रशासन फौरी राहत देने की तैयारी कर रहा है।