एमबीएम न्यूज़/ऊना
कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने जो ब्यान बद्दी में दिया है वह निंदनीय है। ऐसा प्रतीत होता है कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। हमारा यह मानना है कि जब से प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती विधानसभा चुनाव हारें हैं, तब से वह अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि निश्चित तौर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना निंदनीय है।
आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी सतपाल सिंह सत्ती का विरोध करेगी। साथ ही लोकतांत्रिक तरीके से रोष प्रदर्शन करेगी। ऐसी भाषा से कार्यकर्ताओं आहत हुए हैं। सुक्खू ने कहा कि इससे पता चलता है कि वह किस तरह की विचारधारा का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ती ने धार्मिक संस्था से जुड़े श्रद्धालुओं की आस्था को लेकर भी मजाक किया है। एक सोची समझी चाल के तहत इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि चौकीदार चोर की भाषा किसी भी तरह से अर्मायादित भाषा नहीं है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में जिस तरह की गंदगी का परिचय सतपाल सिंह सत्ती ने किया है, उस तरह की टिप्पणियां तो हमारे ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता भी नहीं करते। इससे पहले भी सतपाल सिंह सत्ती राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बारे में कई तरह की टिप्पणियां कर चुके हैं। जहां महात्मा गांधी को पूरा देश ही नहीं विश्व भी नमन करता है, वहां भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती उनके लिए असम्मानजनक टिप्पणियां करते हैं।