एमबीएम न्यूज़/शिमला
अपने पाते आश्रय संग कांग्रेस में शामिल होने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम पर भाजपा ने बड़ा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस के जिन नेताओं ने पंडित सुखराम को तिहाड़ जेल पहुंचाया था तथा उनके घर से करोड़ो रुपए पकड़वाए, आज वह उन्हीं कांग्रेसियों के गुणगान कर रहे हैं। सतपाल सिंह सत्ती गुरूवार को शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
सुखराम के बेटे अनिल शर्मा को लेकर पूछे सवाल के जवाब में सतपाल सिंह सत्ती ने कहा अनिल शर्मा पार्टी के वरिष्ठ मंत्री है तथा मौजूदा सियासी परिस्थितियों में उन्हें जो अच्छा लगेगा वे वही करेंगे। सत्ती ने खुलासा किया कि अनिल शर्मा ने उसने कहा है कि पार्टी जहां भी उनकी डयुटी लगाएगी, वहां पर प्रचार करेंगे।
सुरेश चंदेल को लेकर उन्होंने कहा कि चंदेल के साथ पार्टी नेताओं की बात चल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंदेल के पुतले भी फूंके हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा हिमाचल प्रदेश में मई माह में आठ बड़ी जनसभाएं करेगी। प्रदेश लोकसभा क्षेत्र में दो-दो जनसभाएं होंगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय नेता, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री विशेष रूप से भाग लेंगे। इसके अलावा भाजपा प्रदेश के सभी 256 जिला परिषदों में सम्मेलन भी करेगी। इसके तहत जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सम्मेलनों में विषय होगा मोदी है, तो मुमकिन है।
सत्ती ने कहा कि प्रदेश में भाजपा पूरी तरह एकजुट है, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस का कोई भी नेता चुनाव लडना नहीं चाहता। वह दूरबीन लगाकर भाजपा के अंदर उम्मीदवारों की तलाश कर रहे हैं।