एमबीएम न्यूज़/नाहन
फरवरी ग्रामीण एवं शहरी विकास संघर्ष समिति, नाहन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल से भेंट कर सेना के साथ चल रहे भूमि सम्बन्धी समस्या के शीघ्र निपटारे का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघर्ष समिति के अध्यक्ष खेम बहादुर और महासचिव सुख बहादुर गुरंग ने किया जबकि इस अवसर पर अन्य सदस्य बिंदू राम, अनवर खान, रमेश चंद, याकूब बेग, बाबू राम, राजीव सैनी तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने स्वंय आगे बढ़कर मुख्य मंत्री जयराम ठाकुर को सेना और सिविल भूमि विवाद के बारे में अवगत करवाते हुए कहा कि कैंट क्षेत्र के करीब 5000 बाशिंदे राजस्व रिकार्ड में गलत एंटरी के कारण सेना के साथ भूमि सम्बन्धी समस्या से ग्रस्त हैं। डा. बिंदल ने मुख्यमंत्री से इस समस्या के शीघ्र समाधान का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष कैंट क्षेत्र में सेना और सिविल सोसायटी से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी जिक्र किया।
डा. बिंदल ने बताया कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कैंट क्षेत्र सम्बन्धी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया और समस्या के शीघ्र समाधान की वचनबद्धता दोहराई। डा. बिंदल कहा कि मुख्यमंत्री ने सेना और सिविल लायजन सम्बन्धी प्रस्तावित बैठक में इस मुददे पर गंभीरतापूर्वक चर्चा करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष खेम बहादुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या को गंभीरतापूर्व सुनते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य मंत्री से सेना के साथ चल रहे भूमि विवाद में शामिल बनोग-जाबल का बाग मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत केवल 200 मीटर क्षेत्र में अवरूद्ध सड़क को शीघ्र आरम्भ करने का आग्रह किया। इसके अलावा अन्य प्रमुख समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
संघर्ष समिति के महासचिव सुखपाल गुरंग ने कैंट क्षेत्र की समस्या को गंभीरतापूर्वक लेने के लिए मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर पर पूरा भरोसा है, जो शीघ्र ही इस समस्या का शीघ्र समाधान करेंगे।