अभिषेक मिश्रा /बिलासपुर
एचआरटीसी बस (HP12C-9906) हादसे में मृतकों की संख्या दो है, जबकि 25 घायल हुए हैं। इसकी पुष्टि एसपी अशोक कुमार ने की है। अंतिम समाचार के मुताबिक दो गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। हादसे के तमाम घायलों को बिलासपुर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। अस्पताल में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सहित उपायुक्त विवेक भाटिया भी घायलों का उपचार सुनिश्चित करवाने में लगे हुए हैं।
देर शाम जयनगर संपर्क मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस खाई में लुढ़क जाने की वजह से हादसा पेश आया था। घटनास्थल पर अंधेरा हो जाने की वजह से घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसपी अशोक कुमार के मुताबिक हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हुई है, जबकि 25 घायल हुए हैं। उनके मुताबिक दो गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई रैफर किया गया।
उधर फिलहाल 23 घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पूर्व विधायक रणधीर शर्मा भी अस्पताल पहुंचे है। मृतकों में कुलवंत कौर (45) पत्नी सुरेंद्र सिंह शल्येबाल तहसील नालागढ़ तथा रवि कुमार (23) सुपुत्र बाबूराम गांव लागघाट( सोलन) शामिल हैं। पीजीआई रैफर किए गए गंभीर घायलों में प्रोमिला व इंद्र सिंह शामिल हैं।