वी कुमार/मंडी
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भी मंडी संसदीय सीट से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को टिकट दिए जाने की पैरवी की है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पधर में पार्टी के सम्मेलन में कौल सिंह ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मंडी से कांग्रेस पार्टी के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार करार दिया। बता दें कि वीरभद्र सिंह इस बार का लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके हैं। बीते दिनों मंडी सीट से कांग्रेस के जिन चार नामों पर चर्चा हुई थी उनमें वीरभद्र सिंह के साथ कौल सिंह ठाकुर का नाम भी शामिल था। कौल सिंह ठाकुर भी लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके हैं। ऐसे में उन्होंने वीरभद्र सिंह को सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बताते हुए अपनी दावेदारी को और पीछे कर दिया है।
द्रंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन में कौल सिंह ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनावों के लिए तैयार रहने का आहवान किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश की चारों सीटों पर जीत का दावा भी किया। वहीं कौल सिंह ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार पर भी जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि जनता अपनी सुख सुविधाओं के लिए सरकारें चुनती है, लेकिन केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें जनता को दुख ही दुख दे रही हैं। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि आज प्रदेश में अध्यापकों और डाक्टरों के पद खाली चल रहे हैं।
जिस कारण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई हैं। द्रंग विधानसभा क्षेत्र में बरसात के कारण जो ग्रामीण सड़कें बंद हुई थी उन्हें अभी तक नहीं खोला जा सका है। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि इन सभी बातों को कांग्रेस लोकसभा चुनावों में प्रमुख मुद्दा बनाएगी।