वी कुमार/मंडी
10 वर्ष पहले जयराम ठाकुर ने थुनाग की जनता के सहयोग से जिस सराज दीप उत्सव को मनाने की शुरूआत की थी। आज उसे उन्होंने बतौर सीएम जिला स्तर का दर्जा देने का ऐलान किया। दसवें दीप उत्सव में जयराम ठाकुर ने बतौर सीएम इसमें भाग लिया। इस बार का सराज दीप उत्सव खास रहा। भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें इलाके के दर्जनों देवी-देवताओं संग देव समाज के साथ जुड़े लोगों और स्थानीय जनता ने भाग लिया। वहीं समारोह में पुलिस और होमगार्ड के जवानों के साथ स्कूली बच्चों ने भी भाग लिया। एसडीएम कार्यालय से शुरू हुई यह शोभायात्रा पूरे थुनाग क्षेत्र की परिक्रमा करते हुए मेला स्थल पर आकर संपन्न हुई।
यहां सीएम ने देवी-देवताओं की विधिवत पूजा करके मंगल कामना की। अपने संबोधन में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि 10 वर्ष पूर्व सराज दीप उत्सव का कुछ लोगों ने विरोध किया था, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से यह उत्सव आज एक नया रंग ले चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसे और भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने इस उत्सव को जिला स्तर का दर्जा देने का ऐलान किया।
जयराम ठाकुर ने थुनाग में टैक्सी स्टैंड निर्माण के लिए विभाग को इसका एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पांच महिला मंडलों को 15 लाख की राशि देने की घोषणा भी की। सीएम ने कहा कि सराज के लिए अभी एक नेशनल हाईवे मंजूर हुआ है।भविष्य में यहां और नेशनल हाईवे बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि थुनाग को करसोग के साथ सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग उठी है। इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर, मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा, नाचन के विधायक विनोद कुमार, डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर और एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।