दिल्ली (एमबीएम न्यूज) : देश में गुपचुप तरीके से चीन के लहसुन की तस्करी का मामला केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने उठाया है। नड्डा ने इस मामले में केंद्रीय राज्य वाणिज्य मंंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की है। लहसुन के साथ-साथ नड्डा ने चीन से आ रहे सेब का मसला भी उठा है।
हाल ही में आढ़ती एसोसिएशन सोलन ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से लहसुन की तस्करी का मामला उठाया था। इस दौरान नड्डा से चीन के लहसुन के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। अपनी मुलाकात के दौरान नड्डा ने संबंधित मंत्री को अवगत करवाया कि उन्हें हिमाचल प्रदेश से लगातार इस बात की शिकायतें मिल रही हैं कि चीन के सेब पर कम आयात शुल्क होने के कारण हिमाचल के सेब को मार्किट नहीं मिल रही है।
इसके अलावा चीन के लहसुन को नेपाल व बंगला देश के माध्यम से बिना किसी आयात शुल्क के पहुंचाया जा रहा है। लहसुन की तस्करी से हिमाचल के किसानों को भारी नुक्सान हो रहा है। नड्डा ने कहा कि उन्होंने मंत्री से सेब को विशेष उत्पाद में शामिल करने का भी आग्रह किया है, ताकि इस पर आयात शुल्क बढ़ सके। उन्होंने कहा कि मंत्री से यह मामला विदेश मंत्रालय से भी उठाने का आग्रह किया गया है।
आर्थिकी टिकी सेब व लहसुन पर
हिमाचल की आर्थिकी सेब पर काफी निर्भर करती है। 2500 करोड़ रुपए की आमदनी सेब से होती है। हिमाचल की जीडीपी में इसकी भागीदारी 6 प्रतिशत है। छह जिलों में बागवान सेब की फसल पर निर्भर करते हैं। चीन का सेब हिमाचली सेब को चुनौती दे रहा है।
अगर सेब को विशेष उत्पाद में शामिल कर लिया जाए तो समस्या का समाधान हो सकता है। अन्यथा सेब पर आयात शुल्क एक सीमा तक ही बढ़ाया जा सकता है। उधर लहसुन के निर्यात पर भी कोई प्रतिबंध नहीं है। यह बात सामने आ चुकी है कि चीन का लहसुन बंगला देश व नेपाल से भारत में लाया जाता है।