वी कुमार/मंडी
लघु शिवरात्रि का दर्जा हासिल कर चुका मंडी महोत्सव कल यानी 5 अक्तूबर से शुरू होने जा रहा है। महोत्सव के दौरान जहां छुपी हुई प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिलेगा वहीं लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। दो दिन यह आयोजन मंडी शहर के इंदिरा मार्किट परिसर में होंगे और तीन दिन ऐतिहासिक सेरी मंच पर। आयोजकों ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली है। आज मंडी में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान आयोजन के बारे में पूरी जानकारी दी गई।
मंडी महोत्सव का आयोजन संवाद युवा मंडी, सोच संस्था और नगर परिषद तथा शहर की विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सोच संस्था के अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा ने बताया कि इस बार स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सके। उन्होंने शहर वासियों से आहवान किया कि इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग करें। क्योंकि यह किसी एक संस्था का कार्यक्रम नहीं बल्कि पूरे मंडी शहर का है।
वहीं संवाद युवा मंडी के अध्यक्ष गौरव ने बताया कि इस बार मंडी जिला की महान विभूतियों को महोत्सव के दौरान सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को अपनी प्रस्तुतियां देने का मौका दिया जाएगा। यह आयोजन शाम के समय आयोजित किए जाएंगे जो रात 10 बजे तक जारी रहेंगे।