एमबीएम न्यूज़/शिमला
जुब्बल के मुंगरा में जीप हादसे में गम्भीर रूप से घायल 3 यात्रियों ने रोहडू अस्पताल में दम तोड़ दिया। इनमें अभागी जीप का चालक 28 वर्षीय अनिल कुमार भी शामिल है। वह जुब्बल के कुड़डू का रहने वाला था। छह वर्षीय रिद्धिमा और 32 वर्षिय नैहर सिंह की भी अस्पताल में मौत हुई। मासूम रिद्धिमा के माता-पिता घटनास्थल पर ही मारे गए थे। हादसा इतना खतरनाक था कि जीप के परखच्चे उड़ गए। इस झकझोर कर रख देने वाले हादसे में एक भी जीप सवार जिंदा नहीं बच पाया।
जीप सवार सभी 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे ने तीन परिवारों को खत्म कर दिया है। 11 मृतक रिश्तेदार थे जो कि चिड़गाव और रोहडू के रहने वाले थे। ये सभी उत्तराखण्ड में महासू देवता के दर्शन के लिये जा रहे थे। मृतकों में तीन दम्पतियाँ हैं। एक दम्पति के साथ उनकी इकलौती सन्तान भी काल की ग्रास बन गई। चिडगांव के नडला गांव के भजन दास के घर मातम पसरा है। इस हादसे में उसके दो बेटों-बहुओं और एक पोते की मौत हुई है।
मृतकों में भजन दास के पुत्रों मातवर सिंह (48) और अतर सिंह (44) तथा बहुओं बसंती देवी 42 व मुमा देवी 38 और मातवर सिंह के 24 वर्षीय बेटा मनीष शामिल है। इसी परिवार का एक रिश्तेदार बिट्टू (42) भी हादसे का शिकार हुआ है। रोहडू के धार गांव में रहने वाले 5 लोग भी भगवान को प्यारे हो गए। इनमें एक दम्पति व उनकी छह साल की बच्ची शामिल है।
इनकी शिनाख्त 38 वर्षीय प्रेम लाल, 28 वर्षीय पूनम पत्नी प्रेम लाल, छह वर्षीय रिद्धिमा पुत्री प्रेम लाल, 48 वर्षीय बन्दों देवी और 32 वर्षीय नैहर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक पड़ताल में इस हादसे को वजह चालक की लापरवाही मानी जा रही है। दुर्घटनास्थल पर हल्की उतराई और मोड़ था, जहाँ चालक ने नियंत्रण खो दिया। इस हादसे में जुब्बल का मनोज कुमार (35) की भी मौत हुई। जानकारी अनुसार दुर्घटनास्थल से महज एक किलोमीटर पीछे मनोज ने जीप से लिफ्ट ली थी।