एमबीएम न्यूज़/ऊना
सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने विस क्षेत्र के जरूरतमंद गरीब लोगों की मदद के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है। जनसेवा योजना का शुभारंभ विधायक सतपाल रायजादा के जन्मदिवस पर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में किया गया, जिसमें जिलाध्यक्ष कांग्रेस एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी ने मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हजारी लाल ने अध्यक्षता की।
इस मौके पर जनसेवा ट्रस्ट के चेयरमैन प्रिंस राजपूत भी उपस्थित रहे। जिन्होंने योजना के तहत विधायक ऊना सदर विधानसभा के 30 गरीबों को अपने वेतन से हर माह 1500-1500 के चैक वितरित किए। रायजादा ने विधानसभा चुनावों में अपने वेतन को गरीबों में बांटने का वायदा किया था, जिसे जन्मदिवस पर ही पूरा किया। हालांकि रायजादा खुद तो विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेने शिमला गए हुए है।
रायजादा के जन्मदिन पर ब्लॉक कांग्रेस ने क्षेत्र के 30 चयनित लोगों को चैक वितरित कर योजना का आगाज किया। यह सहायता राशि इन लोगों को हर महीने मिलती रहेगी। जबकि आने वाले समय में और जरूरतमंद लोगो का भी चयन किया जाएगा। इसके अलावा इस ट्रस्ट में अन्य समाजसेवियों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनकी सहायता से इस योजना को विशाल रूप दिया जा सके। कांग्रेस विधायक ने इसे जनसेवा का ही एक माध्यम बताया।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी ने विधायक की इस सोच को बेहतरीन बताते हुए उनके प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि इससे संगठन को विधानसभा क्षेत्र में ओर अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सतपाल रायजादा प्रदेश के पहले ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने अपने वेतन गरीबों में बांटकर अलग मिसाल कायम की है। जिससे प्रदेश के अन्य विधायक व सांसद भी प्रेरणा लेंगे। वहीं जनसेवा ट्रस्ट के चेयरमैन प्रिंस राजपूत ने कहा कि हम सभी को समाजसेवा के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि इस ट्रस्ट की जिम्मेवारी मुझे सौपी गई हैं। मैं चाहूंगा कि समाज का हर वर्ग इस ट्रस्ट से जुड़े। इनको मिली सहायता राशि जनसेवा ट्रस्ट के माध्यम से नविता, लज्या देवी, चंपा, सोनिका देवी, मोनिका देवी, भुपिंद्र सिंह, विशेक, आंचल, सिकंदर, अंजू देवी, सीमा शर्मा, तनुष्का देवी, किरण, सरोज देवी, सुरेश कुमार, भानू, संतोष कुमारी, बलविंद्र कौर, राधिका, साजन, वीना देवी, रोहित, वांती देवी, अनीता, अनीता देवी, कृष्णा देवी, सुमन देवी व परमजीत कौर को चैक प्राप्त हुए।
Latest
- 25 साल बाद 24 को नाहन आएंगे मोदी, चौगान मैदान में आने वाले होंगे तीसरे प्रधानमंत्री
- हिमाचल में भीषण गर्मी, 44 डिग्री के करीब पारा, शिमला सहित 7 जिलों में लू चलने की चेतावनी
- सावधान! मनाली फोरलेन पर कैमरे करेंगे चालान, 18 मई दोपहर से एक्शन शुरू….
- हिमाचल में मिला अफीम की खेती का जंगल, 13 खेतों में 17 हजार 106 पौधे
- नाहन के इन इलाकों में 20 मई को चार घंटे का पावर कट