शिलाई (एमबीएम न्यूज) : शिलाई के बागना बास में कुछ लोगों ने पानी मांगने पर एक व्यक्ति पर दराट से हमला कर दिया। इससे नारायण सिंह गंभीर रुप से घायल हो गया। नारायण सिंह की दाहिनी बाजू में काफी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार 29 जून की शाम नारायण सिंह पानी लेने के लिए प्रदीप के मकान के समीप गया था। इस दौरान वहां पर महेंद्र सिंह, बंसीराम, सियाराम व धनीराम पहले ही पानी लेने के लिए बैठे थे। नारायण सिंह ने इन लोगों से कहा कि उसके घर में खाना बनाने के लिए भी पानी नहीं है। उसे पानी भरने दिया जाए। इस पर आरोपियों की नारायण सिंह से बहस हो गई। नारायण सिंह बिना पानी लिए घर की ओर जाने लगा तो महेंद्र सिंह उसे पकडक़र मारपीट करने लगा। इस दौरान महेंद्र सिंह ने दराट से नारायण सिंह की दाहिनी बाजू पर हमला कर दिया। इससे उसकी बाजू कट गई। मारपीट व दराट से हमला करने के बाद आरोपियों ने उसे व परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। इस पर नारायण सिंह ने थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
Previous Articleनौ माह बाद देश के सबसे ऊंचे दिल्ली-लेह मार्ग पर दौड़ेगी निगम की बसें, अब करो धरती के स्वर्ग के दर्शन
Next Article एनआईसी ने दिखाई डिजिटल इंडिया की लांचिंग