सोलन (एमबीएम न्यूज): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज माता शूलिनी के सम्मान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शूलिनी मेले का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सोलन की अधिष्ठात्री देवी माता शूलिनी की पालकी का स्वागत किया और शोभा यात्रा की अगुवाई की। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह भी उनके साथ मौजूद रही। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सोलन : पालकी के समक्ष पूजा अर्चना करते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह।इस दौरान रंग-बिरंगी पोशाकों और वेश-भूषाओं में सुसज्जित सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने शोभा यात्रा में भाग लिया। माता शूलिनी की पालकी के साथ शोभा यात्रा सोलन के मुख्य बाजार से होकर निकाली गई, ताकि श्रद्धालु माता के दर्शन कर सकें। इससे पूर्व मुख्यमंत्री का सोलन पहुंचने पर स्थानीय लोगों और जिला कांग्रेस समिति के सदस्यों ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अतिरिक्त किरण कुमार और निखिल वर्मा के बीच खेले गए लॉन टेनिस मुकाबले का आनंद भी लिया।
इससे पहले वीरभद्र सिंह ने साधु पुल में अश्वनी खड्ड पर 3.34 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले पुल की आधारशिला रखी। उन्होंने सोलन के रबौण में 1.09 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित श्रम विभाग के कार्यालय और वाटर टैंक के समीप 1.30 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित पंचायती राज भवन का लोकार्पण किया।
सोलन : राज्य स्तरीय शूलिनी मेले के लिए सोलन पहुंचे मुख्यमंत्री का स्वागत करते लोग।उन्होंने 4.50 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित क्षेत्रीय अस्पताल के नए भवन और 25 लाख रूपए की लागत से निर्मित दुर्गा क्लब के लॉन टेनिस कोर्ट के उद्घाटन भी किए। मुख्यमंत्री ने सोलन में बुजुर्ग महिलाओं की देखभाल के लिए स्थापित केंद्र ‘खुशी’ का दौरा भी किया। इसके उपरांत मुख्यमुत्री ने लोक निर्माण विभाग के परिधि गृह में जन समस्याएं सुनीं और अधिकतर का मौके पर निपटारा किया। शेष के शीघ्र निपटारे हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।