वी कुमार /मंडी
हिमाचल प्रदेश के एचआरटीसी कर्मचारियों को निगम की तरफ से लंबित भुगतान की आस जगी है। यह आस उन्हें परिवहन मंत्री से मुलाकात के बाद जगी है। इस बात की जानकारी एचआरटीसी चालक परिचालक संगठन के प्रांतीय प्रधान देवराज ठाकुर ने मंडी में दी। यहां उन्होंने संगठन की राज्य स्तरीय बैठक में भाग लिया और चालक-परिचालकों को पेश आ रही समस्याओं पर चर्चा की।
देवराज ठाकुर ने बताया कि बीते दिनों संगठन के पदाधिकारियों के साथ उन्होंने शिमला में परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से मुलाकात की थी। उस दौरान लंबित भुगतान का मामला प्रमुखता से उठाया था। परिवहन मंत्री ने इस लंबित भुगतान को जल्द अदा करने का भरोसा दिलाया है। साथ ही मंत्री ने कर्मचारियों से निगम को और ज्यादा मजबूत करने को लेकर सुझाव भी मांगे हैं।
देवराज ठाकुर ने बताया कि जल्द ही संगठन कर्मचारियों का एक मांगपत्र परिवहन मंत्री को सौंपेगा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाएगा।