शिमला (एमबीएम न्यूज): विश्व के नामी पहलवानों को रेसलिंग में धूल चटाने वाले द ग्रेट खली अपने गृह प्रदेश हिमाचल में भी रेसलिंग अकादमी खोलने के इच्छुक है। इसी सिलसिले में हिमाचल के सपूत दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में सभी तरह की खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है। प्रदेश की युवा प्रतिभा को निखारने व उचित मंच उपलब्ध करवाने के लिए ग्रामीण स्तर पर खेल अधोसंरचनाएं विकसित की जा रही है। इस अवसर पर ग्रेट खली ने मुख्यमंत्री को प्रदेश में रेसलिंग अकादमी स्थापित करने की अपनी इच्छा से अवगत करवाया। इसके लिए प्रदेश सरकार से उन्होंने सहयोग का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। इससे पूर्व जब ग्रेट खली ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पांव छूकर आर्शीवाद लिया तो मुख्यमंत्री के चेहरे पर भी मुस्कान बिखर गई।