एमबीएम न्यूज / नाहन
आप यह जानकर हैरान रह जाएंगे, 14 साल की उम्र में भावन शर्मा अपने स्तर पर ही गणतंत्र व स्वतंत्रता दिवस के अलावा हिमाचल दिवस पर एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इसके लिए बकायदा आसपास के दो दर्जन से अधिक बच्चों की सेना भी साथ होती है। रविवार को भावन ने जब हिमाचल दिवस पर हरिपुर सभा के बैनर तले कार्यक्रम आयोजित किया तो बात चर्चा में आई है।
आप यह भी जानकर दंग रह जाएंगे कि इस कार्यक्रम में बकायदा ध्वजारोहण के साथ-साथ मार्चपास्ट भी हुआ। हर साल आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भावन शर्मा सलामी लेते हैं। समाजिक कार्य करने वाले बच्चों को बकायदा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया जाता है। 14 साल के भावन का जज्बा देखिए, छोटी सी उम्र में हरिपुर सभा के गठन का मकसद सच्चे राष्ट्र भक्तों को तैयार करना भी है।
दसवीं कक्षा में पढ़ रहे भावन शर्मा का कहना है कि 9 साल की उम्र में सभा का गठन किया था। अब आप सोच रहे होंगे कि कैसे कार्यक्रम आयोजित होता है। तो चलिए बताते हैं…
देशभक्ति के प्रतीक दिवसों पर ऊंची छत को मैदान के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। निचले हिस्से में परेड होती है, जबकि छत पर राष्ट्रीय ध्वज के अलावा हरिपुरसभा का झंडा शान से लहराता है। बकायदा मुख्यातिथि के तौर पर 14 साल के भावन बच्चों को संबोधित भी करते हैं। भावन का कहना है कि सभा में हरेक समुदाय के बच्चे शामिल हैं। बच्चों आपस में हरेक समुदाय के पर्व को हर्षोल्लास से भी मनाते हैं।