ऊना(एमबीएम न्यूज़): जिला के दो विभिन्न-विभिन्न गांवों में ढांक से नीचे गिरने से दो बुजुर्ग महिलाएं घायल हो गई हैं। जिसके चलते दोनों बुजुर्ग महिलाएं क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन है। फिलहाल दोनों बुजुर्ग महिलाओं के स्वास्थ्य में पहले से काफी सुधार आया है। मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव रैंसरी का है।
जहां पर 77 वर्षीय माया देवी पत्नी भगवान दास गांव में सुबह सैर करने के लिए जा रही थी, तो घर से कुछ ही दूरी पर एक ढांक से पांव फिसल गया और लगभग 10 फुट नीचे गिर गई। माया देवी के शोर मचाने पर स्थानीय लोग इकट्ठे हुए और उसे घर पहुंचाया। जिसके बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां पर तैनात चिकित्सक ने बुजुर्ग महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में भर्ती कर लिया। वहीं दूसरा मामला लोअर अरनियाला का है, जहां पर 80 वर्षीय अमरो देवी पत्नी अच्छर सिंह गत देर सायं गांव में ही एक जगह से कुछ लकड़ियां लाने गई तो एक ढांक से फिसलकर नीचे गिर गई। जिसे परिजनों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डा. भारत भूषण कटोच ने बताया कि दोनों बुजुर्ग महिलाएं ढांक से नीचे गिरने से घायल हुई हैं और दोनों का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है।