ऊना (एमबीएम न्यूज़): कांग्रेस पार्टी से निष्कासन को लेकर एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष करुण शर्मा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू पर तीखा हमला बोला है करूण शर्मा ने कहा कि षड्यंत्र के तहत राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष सुक्खू एक गुट विशेष की कांग्रेस बनाकर काम कर रहे हैं और कांग्रेस को ही कमजोर करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं तक का निष्कासन किया गया है, जिनके आगे कांग्रेस के अध्यक्ष सुक्खू की राजनीति का कद कम है। करुण ने कहा कहीं ना कहीं यह 2019 में कांग्रेस को कमजोर करने का एक बहुत बड़ा षड्यंत्र है।
ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस के अध्यक्ष न हो करके भाजपा की मदद करने वाले अध्यक्ष के नाते काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द निष्कासनो को रद्द न किया गया तो एनएसयूआई के बैनर तले सुक्खू के पुतले जलाने का काम शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि यदि कांग्रेस को मजबूत करना है तो सुखविंदर सिंह को अध्यक्ष पद से हटाना होगा। करुण ने कहा कि इस मांग को लेकर के राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस को बचाना है तो सुखविंदर को अध्यक्ष पद हटाना है अभियान शुरू करने से भी परहेज नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि षड्यंत्र व राजनीतिक तौर पर सेकेंड लाइन के कार्यकर्ताओं को खत्म करने के लिए यह निष्कासन किए गए हैं। जिन्हें कभी भी स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जो नेता जीत गए हैं शायद यह भूल गए हैं कि उनकी जीत नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में उन्हें बन सकती थी।
यदि सुखविंदर सिंह सुक्खू गुटबाजी को बढ़ावा न देते और हर विधानसभा क्षेत्र में गुटबाजी पैदा न करते तो आज परिणाम कुछ और होता और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रिपीट होती। करुण शर्मा ने कहा कि मैंने पार्टी के लिए पूरी मेहनत के साथ काम किया है और एनएसयूआई में राज्य भर में कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताने के लिए यथासंभव कार्यकर्ताओं ने काम किया है।