कांगड़ा(रीना शर्मा ): हिमाचल प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा सांसद शांता कुमार ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के चम्बा को पिछडा जिला घोषित करके विषेश सहायता से इसे विकसित करने का निर्णय किया है। यह हिमाचल की नई भाजपा सरकार को केन्द्र की ओर एक बहुत बड़ा उपहार है। उन्होने इसके लिए केन्द्र सरकार और स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नडडा का धन्यवाद किया है।उन्हें इस बात की भी ख़ुशी है कि इसका शुभारम्भ करने के लिए स्वयं केन्द्र से स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नडडा चम्बा पधार रहे है।
शांता कुमार ने कहा है कि भारत में हुए विकास की सबसे बड़ी कमी यह रही है कि विकास होता गया पर आर्थिक विषमता भी बढती गई। किन्ही कारणो से कुछ क्षेत्र विकास की दौड में पिछड गये। देश के बहुत से प्रदेशों में इस प्रकार बहुत से जिले है जहां बहुत ज्यादा पिछडापन और गरीबी है। विकास की इस कमी को पूरा करने के लिए भारत सरकार ने एक नई योजना बनाई है। पूरे देश में ऐसे अविकसित पिछडे जिलो का चयन करके उनके विकास के लिए विशेष प्रावधान किया जाएगा।
उन्होने कहा है कि हिमाचल प्रदेश विकसित प्रदेशों में है परन्तु चम्बा जिला विकास की दौड में बहुत पीछे रह गया है। उन्होंने प्रशन्नता व्यक्त की है कि भारत सरकार ने हिमाचल प्रदेश के और विशेषकर उनके चुनाव क्षेत्र के चम्बा जिला को पिछडा घोषित किया है और उसके विकास के लिए नई योजना बनेगी और अधिक साधन आयेगे। शांता कुमार ने चम्बा जिला की जनता को भी इसके लिए बधाई दी है।
चम्बा और कांगड़ा जिला के विकास के लिए चम्बा में सीमेंट उद्योग का लगाया जाना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं वर्षों से इसके लिए प्रयत्न कर रहे है। चम्बा में सीमेंट के लिए बहुत अधिक मात्रा में और उत्तम किस्म का पत्थर या कच्चा माल उपलब्ध है। यह उद्योग वरमाणा और दाडलाघाट से बडा होगा। एक सीमेंट की फैक्टरी हजारो लोगो को रोजगार देती है।उन्होने कहा कि वह केन्द्र सरकार, स्वास्थ्य मंत्री जे०पी० नडडा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से इस दिशा में विशेष प्रयत्न करने का अनुरोध करेगे। चम्बा जिला का यह उद्योग हजारो लोगो को रोजगार दे सकता है।