शिमला (एमबीएम न्यूज़) : लोहड़ी की रात हुए भीषण सड़क हादसे ने 3 परिवारों को ताउम्र का जख्म दे दिया। जिले के रोहडू उपमंडल में हुए एक हादसे में 3 नौजवानों की मौत हो गई और एक अन्य जख्मी हुआ। ये दुर्घटना बीती रात 10 बजे रोहडू के नजदीक पौड़ी ताल में हुई। पुलिस ने बताया कि सेंट्रो कार (एच पी10ए-4006) असन्तुलित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
कार में चार युवक सवार थे और ये रोहडू से अपने घरों को वापिस लौट रहे थे कि हादसे का शिकार हो गया। कार कई पलटे लेते हुए खाई में लुढ़की और चार में से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक घायल हुआ, जिसका सिविल अस्पताल रोहडू में उपचार चल रहा है। मृतकों की पहचान 31 वर्षीय विक्रांत, 28 वर्षीय खुसविन्दर और 26 वर्षीय सुल्तान के तौर पर हुई है। ये सभी रोहडू के निवासी बताए गए हैं, जबकि घायल हुआ 24 वर्षीय अश्विनी कुमार कांगड़ा का रहने वाला है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने इनको खाई में निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसपी उमापति जमबाल ने बताया कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।