मंडी (वी कुमार) : सुरक्षा की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण मानी जाने वाली भानुपली-बिलासपुर-लेह रेल लाइन के निर्माण पर 50 हजार करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इस रेल लाइन के लिए निर्माण के लिए भारत सरकार के रक्षा, वित्त और रेल मंत्रालय मिलकर काम कर रहे हैं। यह जानकारी जिला संसदीय क्षेत्र के सांसद राम स्वरूप शर्मा ने दी। राम स्वरूप शर्मा ने बताया कि इस रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 2020 तक यह प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि चाइना ने लेह तक अपनी रेल सेवाएं पहुंचा दी हैं लेकिन हम इसमें अभी पीछे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य को जल्द पूरा करने की दिशा में भारत सरकार प्रयासरत है। राम स्वरूप शर्मा ने संसदीय क्षेत्र की 17 में से 13 सीटों पर कमल खिलाने के लिए सभी मतदाताओं का आभार भी जताया। साथ ही उन्होंने अपने घर में भाजपा को मिली हार पर चिंता भी जताई। राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के कई दिग्गजों की हार हुई है और उसमें से एक सीट जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की भी है।
उन्होंने कहा कि यहां की हार को लेकर संगठन समीक्षा कर रहा है। राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने केंद्र की योजनाओं को प्रदेश में सही ढंग से नहीं चलाया। लेकिन अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बन गई है तो केंद्र की सभी योजनाओं को रफ्तार के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। क्षेत्र में क्लस्टर यूनिवर्सिटी जल्द खोलने की दिशा में प्रयास शुरू हो चुका है।
सीएम जय राम ठाकुर ने इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव पारित करने की हामी भर दी है और उपरांत इसके इस पर विधानसभा में एक्ट बनाया जाएगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए 25 करोड़ की राशि भी जारी कर दी है। जिला के वल्लभ महाविद्यालय को ही क्लस्टर यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।