पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज़ ): पुलिस थाना क्षेत्र में देश की राजधानी दिल्ली से एक महिला की सूचना आई है इसके मुताबिक महिला खुद को पांवटा की निवासी बता रही है। लेकिन बताए गए पते पर लोकल पुलिस को कोई नहीं मिला है। सोशल मीडिया में वायरल हो रही जानकारी में बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय महिला लगभग 3 माह पहले अपने किसी रिश्तेदार के साथ हरिद्वार गई थी जोकि वहां उनसे बिछड गई और बाद में किसी तरह दिल्ली पहुंच गई।
यह सही है कि राजधानी की सडकों पर इधर-उधर धक्के खा रही महिला को दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के अलिपुर स्थित एक मनोरोगी आश्रम में छोड दिया। एक एनजीओ द्वारा चलाये जा रहे ‘अपना घर आश्रम’ नामक आश्रम में पिछले कई दिनों से रह रही महिला अपने घर वालों का पता हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में बता रही है।
आश्रम के संचालक विनोद मित्तल ने बताया कि उक्त महिला के अनुसार उसका नाम सीमादेवी (30) पुत्री स्व. धर्मसिंह चौहान व कौशल्या चौहान निवासी ग्राम शुभखेडा है। उसके भाई का नाम विरेंदर तथा भाई की पत्नि का नाम अनीता देवी है जोकि एकता कालोनी में रहते हैं। महिला का मामा करण पंजाब के राजपुरा में रहता है और उसका ताया नैन सिंह पण्डिताई का काम करता है वो भी पांवटा की एकता कालोनी में रहता है।