कुल्लू (एमबीएम न्यूज़): दिल्ली से भुंतर पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट में एक महिला यात्री अपना बेशकीमती सामान भूल गई। जिसमें नगदी सहित करीब सात लाख के गहने थे। लेकिन इसे देखकर भुंतर एयरपोर्ट में कार्यरत एयर इंडिया के सहायक सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र भटट का ईमान नहीं डोला। महिला को कीमती सामान लौटकर ईमानदारी का बेमिसाल उदहारण पेश कर डाला।
फ्लाइट से दिल्ली से भुंतर पहुंची एनआरआई महिला कल्पना कपूर प्लेन मे अपना एक छोटा पर्स भूल गई। लैंडिंग के बाद महिला कल्पना कपूर अपने घर मंडी के लिए रवाना हो गई। फ्लाइट से तमाम यात्रियों के उतर जाने के बाद जब सहायक सुरक्षा सुरेश चंद्र भटट ने प्लेन की रूटीन चैकिंग की तो उन्हें एक छोटा पर्स मिला। जिसमें हीरे की अंगुठी, एक सोने की चेन व 350 अमेरीकी डॉलर थे। सुरेश चंद्र भटट ने बताया कि जब उन्हें पर्स मिला तो दिल्ली से आने वाले यात्रियों की सूची देखी और उसमें उनके साथ आये सामान की सूची भी चैक की तो पाया, वो पर्स अमेरिका से आई कल्पना कपूर का है।
उसके बाद उन्होंने बड़ी मशक्त से कल्पना कपूर का फोन नंबर तलाश किया। लगभग दो घंटे बाद उन्होंने कल्पना कपूर से संपर्क किया और उनका पर्स फ्लाइट में छूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कल्पना कपूर वापिस भुंतर एयरपोर्ट पहुंची। जहां पर एयर इंडिया के सहायक सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र भटट ने उन्हें वह पर्स लौटाया। उन्होंने बताया कि हालांकि छूटे सामान को लौटाने की उनकी कोई जिम्मेवारी नहीं है। लेकिन उन्होंने अपना फ़र्ज़ समझते हुए इसे लौटा दिया।
उधर कल्पना कपूर ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनका पर्स फ्लाइट में छूट गया है। जिसमें लगभग साढ़े सात लाख का सामना व डॉलर थे। कल्पना ने इसके लिये एयर इंडिया के सहायक सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र भटट की सराहना करते हुये कहा कि इस तरह के ईमानदार अधिकारियों व कर्मचारियों के भरोसे ही लोग एयर इंडिया में सफर करते हैं। हालांकि कल्पना कपूर ने सुरेश चंद्र भटट को दो हजार रुपए देने चाहे लेकिन उन्होंने इसे लेने से मना करते हुये कहा कि यह उनका फर्ज था।