हमीरपुर(एमबीएम न्यूज़): हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना का शिकार हो गई है। दुर्घटना में चालक के साथ एक महिला सवार घायल हुई है। जिन का इलाज स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर में चल रहा है। घटना मंगलवार शाम की है, जब परिवहन निगम की बस रूट सुजानपुर बस स्टैंड से अपने गंतव्य लुधियाना की ओर निकली। सुजानपुर से करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर ब्लॉटू नामक स्थान पर दुर्घटना का शिकार हो गई। दुर्घटना के क्या कारण रहे, जाँच की जा रही है।
थाना प्रभारी सुजानपुर सुरेंद्र धीमान से मिली जानकारी अनुसार हमीरपुर डिपो की बस (HP 67-3025) शाम जैसे ही सुजानपुर बस स्टैंड से निकली तो रास्ते में करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर एकाएक अनियंत्रित होकर करीब 4 फुट नीचे लुढ़क गई। बस में करीब 15 से 17 सवारी बैठी थी। दुर्घटना की सूचना जैसे ही सुजानपुर पुलिस को मिली, मौके पर ही पहुंच कर बचाव और राहत कार्य में तेजी दिखाई। दुर्घटना में घायल महिला मीरा देवी निवासी कोटलू संधोल जिला मंडी और बस का चालक जसवंत कुमार को सुजानपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया दुर्घटना में केवल दो ही लोगों को चोटें आई हैं। जन स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर में भर्ती करवाया है। दुर्घटना के क्या कारण रहे इसकी जांच की जा रही है।