मंडी(वी कुमार): केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि भारी बहुमत के साथ प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और इस बात पर सर्वे करने वाली विभिन्न एजेंसियां भी मोहर लगा चुकी हैं। यह बात उन्होंने जिला के सदर विधानसभा क्षेत्र के मझवाड़ गांव में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। राजनाथ सिंह यहां पर भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे हुए थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि वह मझवाड़ गांव में पहली बार आए हैं और लेकिन जिला में उनका पहले भी कई बार आना हुआ है। वह काशी के रहने वाले हैं इसलिए छोटी काशी में आए हैं। उन्होंने कहा कि एक या दो नहीं बल्कि सभी सर्वे इस बात पर अपनी मोहर लगा रहे हैं कि प्रदेश में भाजपा की भारी बहुमत वाली सरकार बनने जा रही है।
राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई और राज्य सरकार की नाकामियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज देशवासी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं क्योंकि केंद्र में एक मजबूत सरकार बैठी हुई है। उन्होंने कहा कि देश का जो विकास हुआ है उसमें पूर्व सरकारों का भी योगदान रहा है लेकिन जिस तेजी के साथ देश का विकास होना चाहिए था उस तेजी के साथ नहीं हो सका और इसी कारण आज देश यहां पर है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ की राशि जारी की है। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश में प्रकृति ने अपनी आपार सुंदरता बख्शी है और यहां का मुख्य पर्यटन गांवों में है। उन्होंने प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।वहीं सदर से भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा ने उनके प्रचार के लिए आने पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया। साथ ही अनिल शर्मा ने प्रो. प्रेम कुमार धूमल को सीएम कैंडिडेट घोषित करने का भी स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी धूमल जी के साथ गठबंधन की सरकार बनाकर प्रदेश का विकास करवाया था। इस बार भी इस क्रम को और आगे बढ़ाया जाएगा। अनिल शर्मा ने सभी से 9 नवंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आहवान भी किया।