सोलन (एमबीएम न्यूज़): हिमाचली व धार्मिक गीतों में सूफियाना आवाज का जादू बिखेरने के बाद अब जिले के अर्की के गायक अर्जुन गोपाल ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में दमदार एंट्री की है। हाल ही में उनका पंजाबी गीत ‘फेवर मेरे हक च’ रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया है। इस गीत को यू-ट्यूब पर हजारों दर्शक लाइक कर चुके हैं।
बंटी आरोड़ा फिल्मस व अमर ऑडियो के बैनर तले रिलीज हुए इस गीत में नायक सन्नी सिकोपूरिया व नायिका जसमीत छाबड़ा मुख्य भूमिका में हैं। गीत का निर्देशन बंटी आरोड़ा ने किया है तथा संगीत मिकुल ने दिया है। सह निर्देशन प्रोडक्शन मीडिया रवि गिल है। इसके बोल काका जलंधरी व सन्नी सहोता ने लिखे हैं। ऑनलाइन प्रमोशन के गोल्डी बाज है। इसकी शूटिंग चंडीगढ़ की विभिन्न जगहों पर हुई है।
पंजाबी गायक गुरदास मान, सरदूल सिकंदर व कमल हीर को आदर्श मानने वाले अर्जुन गोपाल की कई हिमाचली व धार्मिक एलबम रिलीज हो चुकी हैं, जिसमें धार्मिक एलबम मईया मिलन दी रात, तू जाने शिवनाथ व जगमग जो जगदी सहित हिमाचली एलबम मेरी सारिका व इक दूनी-दूनी दो दूनी चार आदि शामिल हैं। अर्जुन को संगीत उनके पिता लाल चंद रघुवंशी से विरासत में मिला है। उनके गुरु डॉ. प्रवीण जरेट हैं।
अर्जुन गोपाल ने बताया कि संगीत की दुनिया में नाम कमाना उनका बचपन से सपना रहा है, जिसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पंजाबी गीतों से दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। भविष्य में सूफी गीतों को लेकर योजना बन रही है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ वर्सिस पिंडु उनका नया गाना लगभग तैयार है ओर इस गाने को जनवरी तक रिलीज कर देंगे।