नाहन (एमबीएम न्यूज): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश निर्माता के पौत्र चेतन परमार के बीजेपी में शामिल होने से काफी दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने परिवार को मान-सम्मान देने में कोई कमी नहीं रखी। बावजूद इसके पौत्र भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सियासत परिवारों को बांटने की है।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह पंडित नेहरू के समय से राजनीति कर रहे हैं। आज सिरमौर पिछड़ा नहीं है। राज्य के विकास में प्रदेश निर्माता डॉ. वाईएस परमार का बड़ा योगदान है। करीब 30 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का भी विस्तार से जिक्र किया। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद मुख्यमंत्री की संगड़ाह में यह पहली जनसभा थी। इससे पहले कुपवी में भी जनसभा को संबोधित किया।
संगड़ाह की जनसभा में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भाजपा के पूर्व सीएम धूमल पर कोई टिप्पणी नहीं की। साथ ही प्रधानमंत्री को लेकर भी कुछ नहीं कहा। अलबत्ता डॉ. परमार के पौत्र के भाजपा में शामिल हो जाने पर जरूर प्रतिक्रिया की। सीएम ने रेणुका विधानसभा से पार्टी के प्रत्याशी विनय कुमार को वोट देने का आग्रह करते हुए कहा कि दोबारा सत्ता में कायम होने पर विकास की लहर को तीव्रता से आगे बढ़ाया जाएगा।