नाहन (एमबीएम न्यूज): श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा को बगावत का सामना करना पड़ेगा। मंडल के पदाधिकारियों ने इस्तीफे देने शुरू कर दिए हैं। सोशल मीडिया के मंडल प्रभारी बलबीर शर्मा ने पहला इस्तीफा दिया है। हालांकि वजह व्यस्तता बताई है। शर्मा का कहना है कि रेणुका-भाजपा आईटी सैल पिछड़ता जा रहा है। अत: बगैर दबाव या मर्जी के इस्तीफा दे रहे हैं।
सनद रहे कि आज गत्ताधार, हरिपुरधार के अलावा धारटीधार में पूर्व विधायक के समर्थन में नारेबाजी की गई थी। शाम को जब भाजपा प्रत्याशियों की अधिकारिक सूची जारी हुई तो इसके बाद पूर्व विधायक हिरदा राम को मैदान में उतारने के बाद रणनीति बननी शुरू हो गई। एचएएस अधिकारी से हिरदा राम 2011 के उप चुनाव में पहली बार विधायक बने थे। 2012 का विधानसभा चुनाव काफी कम अंतर से हारे थे।
भाजपा के टिकट पर हिरदा राम को 20,677 वोट हासिल हुए थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार ने 21,332 वोट हासिल कर चुनाव जीता था। महज 655 मतों का अंतर था, यानि 330 वोटों का खेल रह गया।