ऊना (एमबीएम न्यूज़) : गगरेट-मुबारिकपुर सड़क मार्ग पर शिवबाड़ी के समीप एक कार की अज्ञात ट्रैक्टर से टक्कर हो जाने से कार सवार एक नव दंपत्ति सहित तीन लोग घायल हो गए। नव दंपत्ति शादी के बाद दुल्हन के घर से वापिस लौट रहा था। इस दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित घटनास्थल से फरार हो गया। घायलों को तत्काल एक सौ आठ एंबूलेंस सेवा के माध्यम से सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां से कार चालक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया जबकि नव दंपत्ति को उनके परिजन डीएमसी लुधियाना ले गए।
गगरेट पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कांगड़ा जिले के सीमावर्ती गांव स्वाणा के आशीष पुत्र राम प्रसाद, उनकी पत्नी नेहा कार संख्या एचपी 36सी 2869 में सवार होकर लुधियाना से वापिस अपने घर को जा रहे थे। कार को मनोज पुत्र प्रकाश चंद चला रहा था।
शनिवार देर सायं कार जैसे ही शिवबाड़ी के समीप पहुंची तो एक अज्ञात ट्रैक्टर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। इससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार चालक मनोज सहित आशीष व नेहा भी बुरी तरह से घायल हो गए। इसी बीच सारे मानवीय मूल्यों को तिलांजलि देकर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। कुछ स्थानीय लोगों द्वारा एंबूलेंस सेवा एक सौ आठ पर सूचना देने पर घायलों को सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर डाक्टरों ने मनोज की नाजुक हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है और वहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
उधर आशीष व नेहा की नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए डीएमसी लुधियाना ले गए। अज्ञात ट्रैक्टर चालक की खोज के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है। वहीं होशियारपुर मार्ग परएक मोटरसाइकिल व कार में हुई टक्कर में होशियारपुर वासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनकी पहचान गगनदीप व भजन लाल के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए परिजनों द्वारा होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। डीएसपी अजय राणा ने बताया कि पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।