ऊना (एमबीएम न्यूज) : विकास खंड गगरेट के लोहारली गांव में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध बुरी तरह से घायल हो गया। उसे गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार देर सायं सोमनाथ (63 वर्ष) पुत्र फुम्मन सिंह अपने घर को जा रहा था कि उसी समय उधर से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इसके चलते सोमनाथ बुरी तरह से घायल हो गया। अज्ञात वाहन चालक सोमनाथ को अस्पताल पहुंचाने की बजाय घटनास्थल से फरार हो गया।
कुछ स्थानीय लोगों ने उसे सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया। यहां पर डाक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। उधर यातायात पुलिस गगरेट ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश आरंभ कर दी है।