ऊना (एमबीएम न्यूज़) : विभिन्न गांवों के तीन लोगों को लावारिस कुत्तों ने काट दिया। जिसके चलते तीनों को परिजनों द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार जिला के हरोली उपमंडल के गांव लोअर बढेड़ा, बसाल, तथा बंगाणा के खुरवाईं में लावारिस कुत्तों ने तीन लोगों को काट दिया। पहले मामले में लोअर बढेड़ा के रहने वाले राजन को लावारिस कुत्तों ने अपना शिकार बनाया।
राजन गांव के पास सड़क पर जा रहा था। इतने में सड़क पर मौजूद एक लावारिस कुत्ते ने एकाएक उस पर हमला कर दिया। इससे पहले की राजन अपने बचाव में कुछ कर पाता उसके शरीर पर कुत्ते ने दांत गडा दिए। परिजनों ने बिना देर किए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया है। दूसरे मामले में ऊना के नजदीकी बंगाणा उपमंडल के खुरवाईं में भी पचास वर्षीय रतन चंद को भी लावारिस कुत्ते ने काट दिया। रतन चंद शनिवार को सुबह रास्ते पर कहीं अपने निजी काम के चलते जा रहा था।
इस दौरान उस पर वहां मौजूद एक लावारिस कुत्ता झपट पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। जबकि परिजनों ने रतन चंद को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया है। इसके अलावा तीसरे मामले में ऊना के नजदीकी बसाल में भी युवक को लावारिस कुत्ते ने काट दिया। बसाल का रहने वाला राजेश गांव के पास मौजूद था। रास्ते पर जाते समय उस पर एक कुत्ता झपट पड़ा। देखते ही देखते कुत्ते ने उसके शरीर पर दांत गड़ा दिए।किसी तरह कुत्ते के चंगुल से छूट राजेश परिजनों संग क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचा। जहां पर उसके स्वास्थ्य में पहले से सुधार आया है।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के कार्यकारी एमएस डॉ रामपाल शर्मा ने बताया कि लावारिस कुत्तों के काटने से तीन लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया है। जबकि उपचार के बाद उनकी हालत में काफी सुधार आया है।