घुमारवीं (सुभाष कुमार गौतम): कहते है, हौंसले बुलंद हो साथ ही कुछ कर गुजरने की इच्छा हो तो सीमित संसाधनों में कामयाबी पाई जा सकती है। यही कुछ कर दिखाया है डॉ रविन्द्र ठाकुर ने। हिमाचल पुलिस में बेहतर सुविधाओं के लिए डॉ रविन्द्र ठाकुर को राष्ट्रपति पुरस्कार से राजभवन में सम्मानित किया जाएगा।
बिलासपुर की घुमारवीं तहसील में कोट गाँव के रहने वाले डॉ रविन्द्र ठाकुर हिमाचल प्रदेश पुलिस में एक आरक्षी से अपनी सेवाएं शुरू की थी, लेकिन कड़ी मेहनत व लगन की बदौलत जो सफलता हासिल की वो आज मिसाल बन गई है। तरक्की की सीढिया चढ़ते गए नौकरी के साथ-साथ पढाई भी जारी रखी और पीएचडी करके डॉक्टर की उपाधि हासिल की।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार में ज्योति प्रकाश के घर पैदा हुए डॉक्टर रविन्द्र कुमार को पुलिस विभाग में उनके द्वारा दी गई बेहतर सेवाओं के लिए 21 अगस्त को राष्ट्रपति पुरस्कार से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा राज भवन में सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. रविन्द्र कुमार आजकल डीएसपी पद पर अपनी सेवाएं बीबीएमबी नंगल में दे रहे हैं। डॉ. रविन्द्र कुमार ठाकुर को इससे पूर्व भी कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर उनको घुमारवीं के जन प्रतिनिधियों व आम जनता ने बधाई दी है।