ऊना (एमबीएम न्यूज़) : पुलिस थाना ऊना के तहत झलेड़ा में एक व्यक्ति ने नशे में धुत्त होकर खुद पर ही चाकू मार डाला। व्यक्ति को लहूलुहान हालत में 108 रोगी वाहन की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार झलेड़ा निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति राजकुमार दोपहर करीब तीन बजे कथित तौर पर नशे में धुत्त होकर घर में आया और उससे बेवजह बहस करनी शुरू कर दी।
देखते ही देखते उसका पति आग बबूला हो गया। उसके पति ने आपा खोते हुए अपने आप पर ही चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। हो हल्लाा सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हुए। 108 रोगी वाहन की मदद से ऊना राज कुमार को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि घायल व्यक्ति को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल व्यक्ति के ब्यान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। घायल की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है।