कुल्लू( नीना गौतम ): हिमतरु प्रकाशन समिति ने ‘हिमतरु राज्य सम्मान-2017’ के लिए पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। ये पुरस्कार साहित्य, सम्पादन, कला-संस्कृति, लोक-गायन, समाजसेवा, सामुदायिक विकास,महिला सशक्तिकरण, बहुमुखी प्रतिभा, युवा प्रेरक आदि क्षेत्र में विश्ष्टि योगदान के लिए प्रदान किये जाएंगे। ये पुरस्कार शीघ्र ही आयोजित होने वाले हिमतरु के 12वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान प्रदान किये जाएंगे। यह जानकारी हिमतरू प्रकाशन समिति के सचिव किशन श्रीमान ने दी।
काबिलेजिक्र है कि हिमतरु प्रकाशन प्रिंट मीडिया के माध्यम से सार्थक समाज के निर्माण में योगदान देने वाली संस्था है। संस्था अपने स्थापना दिवस के मौके पर हर वर्ष बेहतर समाज के निर्माण में कार्यरत् व्यक्तित्वों एवं संस्थानों को पुरस्कृत करती रही हैं। इस वर्ष भी संस्था ने विभिन्न क्षेत्रों में सार्थक योगदान हेतु विभूतियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है।
हिमतरू राज्य पुरस्कार चयन समिति के अध्यक्ष गणेश ने बताया कि प्रदेश भर से विभिन्न विधाओं में व्यक्ति विशेष एवं संस्थानों को अभूतपूर्व कार्यों के लिए ‘हिमतरु राज्य सम्मान-2017’ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये सम्मान साहित्य, कला-संस्कृति, लोक-गायन, समाजसेवा, सम्पादन, सामुदायिक विकास, महिला सशक्तिकरण, बहुमुखी प्रतिभा, युवा प्रेरक आदि क्षेत्र में विश्ष्टि योगदान के लिए प्रदान किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस बार लोक-कला एवं संरक्षण हेतु हिमाचल लोक-गायक धर्मेन्द्र शर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, बेहतर सम्पादन के लिए शिमला से डॉ.रचना गुप्ता, साहित्य सम्मान के लिए कांगड़ा से विरेन्द्र शर्मा, बाल साहित्य के लिए सुंदरगर से पवन चौहान, समाजसेवा के लिए जयसिंहपुर से संजय शर्मा, लोक-गायन के लिए शिमला जिला से सम्बद्ध किशन वर्मा, सामुदायिक विकास एवं हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए एनएचपीसी लि., महिला सशक्तिकरण को लेकर बेहतर कार्य के लिए पालमपुर से डिम्पल जसवाल, बहुमुखी प्रतिभा की धनी मण्डी से रूपेश्वरी शर्मा तथा शिमला से डा. देवकन्या ठाकुर को राज्य सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। इसी प्रकार युवाओं के प्रेरक नेहरू युवाकेंद्र के कमांडर डा. लाल सिंह कौंडल तथा कला के क्षेत्र में मनाली से दुर्गा प्रसाद राओ को पुरस्कृत किये जाएंगे।
गणेश ग़नी ने कहा कि ये सभी पुरस्कार शीघ्र आयोजित होने वाले हिमतरू स्थापना समारोह के दौरान प्रदान किये जाएंगे। उन्होंने कहा है कि सम्मान समारोह के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तरीय साहित्यिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश व प्रदेश से बाहर के साहित्यकारों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने इस भव्य समारोह में समस्तजनों से अपनी भागिदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।