शिमला(एमबीएम न्यूज़): दूरदराज क्षेत्र चैपाल के नेरवा में एक भयानक सड़क हादसा हुआ है। नेरवा में गुम्मा के नजदीक अंतरावली में यात्रियों से भरी एक बोलरो कैंपर कल रात्रि साढ़े 11 बजे गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसा इतना खतरनाक था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और हादसे में 7 लोग मारे गए। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। 5 लोग दुर्घटना में घायल हुए हैं, जिन्हें गंभीर अवस्था में आईजीएमसी रैफर किया गया है। ये सभी सिरमौर जिले की पांवटा साहिब तहसील के रहने वाले हैं। यह हादसा उस स्थान पर हुआ, जहां कुछ माह पहले उतराखण्ड की एक निजी बस खाई में गिरी थी, जिसमें 45 लोगों की मौत हुई थी।
पुलिस थाना नेरवा से मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार एक परिवार के 12 सदस्य चूड़धार से अपने घर वापिस लौट रहे थे। रात साढे 11 बजे जब बोलेरा अंतरावली पहुंची, तब चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। उस समय बोलेरो में सवार अधिकांश यात्री नींद में थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। घायल हुए लोगों ने किसी तरह पुलिस को सचित किया। आधी रात को पहुंची पुलिस ने यात्रियों को खाई से बाहर निकाला। उस समय छह लोगों की मौत हो गई थी और एक अन्य की अस्पताल ले जाते मौत हुई। छह यात्रियों को आईजीएमसी भेजा गया है। इस हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय गुलाब सिंह पुत्र मोती राम, 43 वर्षीय संदी देवी पत्नी कल्याण सिंह, 30 वर्षीय सुषमा पुत्री कल्याण सिंह, 25 वर्षीय निशा पुत्री कल्याण सिंह, 27 वर्षीय रवीना पुत्री कल्याण सिंह, 22 वर्षीय कैलाश पुत्र कल्याण सिंह, 15 वर्षीय शिवानी पुत्र कवर सिंह शामिल हैं। ये सभी पांवटा के शाउड़ी गांव के निवासी हैं। घायलों में 48 वर्षीय कल्याण पुत्र मोती राम, 15 वर्षीय साक्षी पुत्र रंजीत, 20 वर्षीय डिपंन पत्नी कपिल, 20 वर्षीय रबीना पुत्री खजाना सिंह और चालक 27 वर्षीय कपिल पुत्र कल्याण सिंह शामिल हैं।