शिमला (एमबीएम न्यूज़) : बालूगंज थाना क्षेत्र के चौड़ा मैदान और रौड़ी इलाकों में दो घरों का ताला तोड़कर चोर नकदी सहित लाखों के गहने उठा कर ले गए। सूचना पर बालूगंज पुलिस दोनों स्थानों पर मौके पर पहुंची है। दोनों मामलों में गृहस्वामियों ने अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रमोद कुमार का चौड़ा मैदान के पांजड़ी में किराए का मकान है। एक सप्ताह से मकान सूना था। प्रमोद अपने रिश्तेदार के पास गया था। कल शाम जब वह एक सप्ताह बाद अपने क्वार्टर लौटा, तो देखा कि दरवाजा टूटा है और कमरे का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। प्रमोद कुमार के मुताबिक चोर अलमारी में रखी तीन सोने के टाॅपस, एक सोने की चेन, एक सोने का सैट, एक सोने की अंगूठी और कड़े के अलावा 10 हजार की नकदी उठा कर ले गए हैं। चोरी हुए गहनों की कीमत तीन लाख आंकी गई है।
दूसरे मामले में रोड़ी के गावं कैना की निवासी कांता देवी ने पुलिस शिकायत में बताया कि कल दिन में वह किसी काम के सिलसिले में बनूटी बाजार गई थी। वापिस लौटी तो देखा कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसके घर के मुख्य दरबाजे का ताला तोड़ दिया है। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा मिला। उसके अनुसार कमरे से एक सोने का ईयर टाॅप, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का चाॅक, एक सोने का मंगलसूत्र, एक पेयर चांदी की बैंगलस, दो चांदी की अंगूठियां, एक पेयर चांदी की अंकलेटस गायब हैं। दोनों मामले में पुलिस गहनता से पड़ताल में जुट गई है। पुलिस को इन चोरियों के पीछे एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका है।