शिमला (एमबीएम न्यूज) : नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किए दोनों आरोपियों को कोर्ट ने 7 दिन
के पुलिस रिमांड पर भेजा है। 1.40 लाख के नकली नोटों के साथ दबोचे गए पंजाब के फिरोजपुर निवासी दौलत राम और हरनेक सिंह आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को पुलिस रिमांड में रखने के आदेश कोर्ट ने दिए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से इस गोरखधंधे को लेकर पूछताछ करेगी। आशंका जताई जा रही है इसमें कई और शातिर भी पुलिस के शिकंजे में फंस सकते हैं।
गौरतलब है कि बालगूंज पुलिस ने शुक्रवार दिन में दोनों आरोपियों को शोघी बैरियर के पास कालका-शिमला राजमार्ग पर गिरफतार किया था। ये अपनी निजी गाड़ी से चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। आरोपियों ने शोघी बाजार में एक ढाबे में खाना खाने के बाद भुगतान के लिए दो हजार का नकली नोट ढाबा मालिक को चुुकाया था, लेकिन उसने नोट पहचान लिया था और इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार पर्यटन सीजन का फायदा उठाने के लिए आरोपी शिमला आए थे। दो-तीन दिन से वे शिमला में घूम रहे थे और इन्होंने यहां नकली नोटों से खरीददारी भी की। बहरहाल रिमांड के दौरान आरोपी पुलिस के समक्ष कई अहम खुलासे कर सकते हैं।